वेतन न मिलने से वर्कर यूनियन ने की हड़ताल
पंजाब सरकार खिलाफ जमकर की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
लालड़ूू। नगर काउंसिल वर्कर यूनियन एटक के मेंबरों की ओर से वेतन न मिलने के रोष स्वरूप काम बंद करके हड़ताल की गई और पंजाब सरकार सहित नगर काउंसिल अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर एटक के उपप्रधान विनोद चुंग ने बताया कि नगर काउंसिल लालड़ूू के अधिकारी पिछले काफी समय से मजदूरों के साथ कथित तौर पर धक्केशाही कर रहे हैं और मजदूरों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा। सरकार बनने से पहले कांग्रेस ने हर घर नौकरी देने का लोगों के साथ वादा किया था पर अब कांग्रेस की सरकार बन जाने पर हालात यह है कि कच्चे कर्मचारियों को भी कांग्रेस सरकार इस समय पर वेतन नहीं दे रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर काउंसिल की ओर से कर्मचारियों को श्रम कानून अनुसार बनते लाभ भी नहीं दिए जा रहे हैं। नगर काउंसिल के अधिकारी की ओर से ठेकेदारों के साथ मिलकर कर्मचारियों के टेंडरों में बहुत बड़े स्तर पर कथित हेराफेरी की जा रही है। टेंडरों में जितने कर्मचारी दिखाए जा रहे हैं मौके पर उतने काम नहीं कर रहे।
इस मौके रविंद्र पाल सिंह नगर काउंसिल जीरकपुर एंप्लाइज यूनियन के प्रधान ने वर्करों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर मजदूरों को उनके बनते हक व वेतन समय पर नहीं दिया गया और श्रम कानून पूरी तरह लागू ना करने की सूरत में लालड़ू, डेराबस्सी व जीरकपुर के नगर काउंसिल के कर्मचारी मुकम्मल काम बंद करके हड़ताल करेंगे। इसके अलावा नगर काउंसिल वर्कर्स यूनियन के प्रधान राजेश कुमार, गुरदीप सिंह, कमल कुमार, बंसो देवी, सुखविंदर सिंह ने भी संबोधित किया और पंजाब सरकार से नगर काउंसिल की ओर से की जा रही मजदूरों के नाम पर कथित घप्पलेबाजी की उच्च स्तरीय जांच पड़ताल करने की मांग की।
वहीं नगर काउंसिल लालड़ूृ के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि सिर्फ ट्यूबवेल आपरेटरों को दिसंबर का वेतन प्रबंधकीय कारणों से नहीं दिया गया। अन्य सभी कर्मचारियों को वेतन दिया जा चुका है। उन्होंने हेरा-फेरी के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि टेंडरों के अऩसार ही कर्मचारी काम कर रहे हैं।