मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण को मात देते हुए जंग जीतकर घर लौटने वालों का आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। सोमवार को 71 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो गए हैं। डीसी डॉ. ईशा कालिया ने बताया कि कोरोना संक्रमण की दर में जिस तरह से गिरावट आ रही है, यह सेहत विभाग की मेहनत का ही नतीजा है। वहीं, सोमवार को 28 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 570 हो गई है। जिले में अभी तक 95187 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर बीमार हो चुके हैं। इनमें से 93473 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो गए हैं। जबकि 1144 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। सोमवार को मोहाली से 12, खरड़ से 9, ढकोली से 4 और घडुआं से 3 केस शामिल हैं। इनका इलाज डाक्टरों की देखरेख में चल रहा है। डीसी ने कहा कि भले ही केसों में लगातार कमी आई है, लेकिन कोरोना दिशानिर्देश का पालन पहले की तरह करते रहना है।