नयागांव में सालों पहले बसी मार्केट में नहीं हैं शौचालय
- दुकानदार और मार्केट में आने वाले लोग रोजाना होते हैं परेशान
- लोग कई बार नगर काउंसिल के अधिकारियों को बता चुके हैं, नहीं हो रही सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नयागांव। इलाके की मार्केट में पब्लिक टायलेट की व्यवस्था न होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मार्केट कमेटी एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि मेन मार्केट में रोजाना बड़ी संख्या में लोग शॉपिंग के लिए आते हैं, लेकिन कोई भी पब्लिक टायलेट न होने के कारण काफी समस्या आ रही है। पब्लिक टायलेट की सुविधा मार्केट में उपलब्ध करवाने के लिए कई बार नयागांव नगर काउंसिल से मार्केट एसोसिएशन को गुहार लगा चुके हैं। एक महीने पहले ही नयागांव कमेटी एसोसिएशन के सदस्यों और प्रधान केशव शर्मा द्वारा नयागांव नगर काउंसिल ईओ जगजीत सिंह शाही को पत्र लिखकर यह सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सौंपा था। ईओ ने शौचालय के लिए जगह नहीं होने की बात कही थी। मार्केट कमेटी द्वारा दिए पत्र के बाद भी अभी तक कोई जगह उपलब्ध नहीं कराई गई।
जल्द सुविधा नहीं मिली तो करेंगे संघर्ष
केशव शर्मा ने कहा कि नयागांव मार्केट के बीच खाली जगह है, वहां पर सुलभ शौचालय बनाया जा सकता है लेकिन इतना समय गुजर जाने के बाद भी अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई तक शुरू नहीं की। पंजाब सरकार शहरों और गांवों में स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय उपलब्ध करवाने के दावे कर रही है, लेकिन यहां यह दावे झूठे नजर आ रहे हैं। एसोसिएशन ने कहा कि अगर मार्केट में जल्द पब्लिक टायलेट की सुविधा नहीं की गई तो उनको मजबूरन संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा।