सरकार ने दिया मीटिंग का समय, मुलाजिमों ने टाली हड़ताल
डीसी आफिस, इंप्लाई यूनियन ने पहले दिया था संघर्ष का अल्टीमेटम
अब 19 फरवरी को सरकार के साथ होगी मुलाजिमों की मीटिंग
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
डीसी ऑफिस इंप्लाई यूनियन पंजाब ने मांगों को लेकर 15-16 फरवरी को किया जाने वाला संघर्ष मुुलतवी कर दिया है। यूनियन की सूबा इकाई के चेयरमैन ओम प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार के मुख्य सचिव करन अवतार सिंह ने 19 फरवरी को बैठक करने का समय दिया है। साथ ही उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया है, जिसके बाद यूनियन ने फिलहाल हड़ताल टाल दी है। इससे पहले यूनियन की तरफ से 15 फरवरी को पंजाब के समूह डीसी दफ्तरों में गेट रैलियां की जानी थी। साथ ही 16 को सभी मुलाजिमों ने सामूहिक छुट्टी लेकर पटियाला में राज्य स्तरीय रैली करने का फैसला लिया था।
जानकारी के मुताबिक, डीसी आफिसों में कार्यरत मुलाजिमों की लंबे समय से सुनवाई नहीं हो रही है। इस कारण इस साल में दो बार मुलाजिम हड़ताल पर जा चुके हैं। इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो चुका है। वहीं, आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी थी। ऐसे में सरकार भी नहीं चाहती है कि मुलाजिम हड़ताल पर जाएं। इसलिए सरकार की तरफ से हड़ताल को टालने की कोशिश की गई है। मुलाजिमों का कहना है कि सरकार ने सब डिवीजन गठित कर दिए हैं, लेकिन उनमें मुलाजिमों की नई भर्ती नहीं की गई है। इय कारण जो मुलाजिम पहले से काम कर रहे हैं, उन पर काम का अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। इससे काम प्रभावित हो रहा है। इतना ही नहीं, जो मुलाजिमों को समय पर सैलरी भी नहीं दी जा रही है। इस कारण ही मुलाजिमों ने यह राह चुनी थी।