जीरकपुर। कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए सरकार की ओर से दोबारा सख्ती कर दी गई है। इसके साथ ही कोरोना टीकाकरण के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इससे पहले बुजुर्गों और 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा था। लेकिन किशोरों को अभी डोज नहीं लगाई गई थी। इसके चलते केंद्र सरकार की ओर से किशोरों को टीकाकरण का महाअभियान शुरू किया गया है। इसका आगाज सोमवार को किया गया और इसके चलते जीरकपुर में ढकोली के सरकारी अस्पताल में सोमवार को 60 किशोरों का टीकाकरण किया गया है। इसके लिए टीम ने अस्पताल में 9 बजे टीकाकरण शुरू कर दिया था और करीब साढ़े 9 बजे 17 वर्षीय एक किशोरी ने पहली डोज लगवाई। इसके बाद तीन बजे तक कुल 60 किशोरों ने वैक्सीन लगवाई है। इस मौके पर एमओ हरलीन कौर ने बताया कि सुबह 9 बजे ही किशोरों का टीकाकरण करने के लिए उनकी टीम तैयार थी। इसके लिए पहले से ही तैयारियां की हुई थी और स्टाफ की ड्यूटी लगाई हुई थी। उन्होंने शहर के सभी किशोरों को टीकाकरण करवाने के लिए अपील की और कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील भी की।