जीरकपुर। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद नए सिरे से स्ट्रीट लाइटों का टेंडर जारी किया जाएगा। ये कहना है नगर काउंसिल जीरकपुर में तैनात एएमई-कम-एसडीओ वरिंदर कुमार का। उन्होंने बताया कि वीआईपी रोड पर पहले जारी हुआ टेंडर पटियाला की एक निजी कंपनी को दिया गया है, जिसने अभी तक काम शुरू नहीं किया। काउंसिल द्वारा कंपनी को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया, परंतु कंपनी द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके चलते अब नए सिरे से टेंडर जारी करने की प्रक्रिया की जाएगी, जिसके लिए लोकसभा चुनाव खत्म होने तक इंतजार करना होगा।
नगर काउंसिल द्वारा 2016 में शहर के पॉश एरिया वीआईपी रोड का नवीनीकरण करने के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। इसमें बिजली के तारों की अंडरग्राउंड वायरिंग से लेकर सड़क की वाइडनिंग और एलईडी स्ट्रीट लाइटों के काम शामिल थे। सड़क की वाइडनिंग और बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने का काम नगर काउंसिल ने 2016 में ही पूरा कर लिया था, परंतु एलईडी स्ट्रीट लाइटों का काम अभी तक लटका हुआ है। स्ट्रीट लाइटें न होने की वजह से यहां पर स्थित 3 दर्जन से अधिक सोसायटी वासियों को आवाजाही के दौरान भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से लोग स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है।