वीआईपी रोड : पकौड़े तल कर किया बेरोजगारी का विरोध
यूथ कांग्रेस ने कहा-गरीबों के स्वरोजगार का किया जा रहा राजनीतिकरण
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। भाजपा के बेरोजगारों को पकौड़े बनाने की सलाह के विरोध में यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को सड़क पर पकौड़े तल कर शिक्षित बेरोजगारों की पीड़ा को उजागर किया। नवतेज धीमान के नेतृत्व में युवाओं ने पकौड़े तल कर अपना विरोध दर्ज किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित युवाओं को पकौड़े तलने का प्रशिक्षण भी दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस वर्करों ने नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण गरीबों के स्वरोजगार का राजनीतिकरण किया जा रहा और प्रधानमंत्री ने करोड़ों युवाओं को निराश किया है। केंद्र सरकार चार साल में रोजगार प्रदान करने में असमर्थ रही है। इस दौरान प्रधान सचिन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। सरकार का कार्यकाल खत्म होने को हैं, लेकिन अब तक दो लाख युवाओं को भी रोजगार नहीं मिल पाया है। प्रधानमंत्री बताएं कि अपना समय, परिश्रम और पैसा लगाकर युवाओं ने जो डिग्री प्राप्त की हैं, क्या युवा उन डिग्रियों पर पकौड़े तल कर बेचने का काम करें। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के सिमरन कालरा, दीपक, रोहित, सुरजीत, संजीव गर्ग, मलतु, मोहित और एसपी सिंह मौजूद थे।