मोहाली। माथा टेकने लाडी शाह दरबार नकोदर गए परिवार वालों ने वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे थे और अंदर अलमारी से 50 हजार रुपये नकद और सोने, चांदी के गहने गायब थे। बलौंगी पुलिस ने राहुल की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता राहुल निवासी सेक्टर-116 ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है और वह परिवार के साथ 30 जून को लाडी शाह दरबार नकोदर माथा टेकने गए थे। जब वह वहां से शाम साढ़े छह बजे घर पहुंचे तो उनके घर का मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। उनके घर के बेडरूम की अलमारी से 50 हजार रुपये और सोने, चांदी के गहने गायब थे जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। उन्होंने आसपास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसके बाद से वे अपने स्तर पर चोरों की तलाश करने लगे लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस अभी चोरों की तलाश कर रही है।