मोहाली। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शहीद-ए-आजम भगत सिंह की अत्याधुनिक 5-डी प्रतिमा जल्द देखने को मिलेगी। जिस जगह पर प्रतिमा स्थापित की जानी है वहां का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अफसरों को तेजी से और समय पर काम करने के लिए कहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा पंजाब के युवाओं को शहीद की महान विरासत से अवगत कराने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही यह प्रतिमा हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों के यात्रियों को भी इस महान शहीद की ओर से किए गए बलिदान की याद दिलाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार शहीद भगत सिंह के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस महान कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की निदेशक सोनाली गिरि, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव हिमांशु जैन, डीसी अमित तलवार, एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
युवाओं को हमेशा देशभक्ति से जोड़ेगा भगत सिंह का जीवन : मान
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि युवा क्रांतिकारी भगत सिंह को न केवल एक नायक के रूप में बल्कि उनके समाजवाद के दर्शन और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के लिए भी याद किया जाता है। इस युवा शहीद का जीवन और दर्शन युवा पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से देश की सेवा करने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।