नयागांव। शिवालिक पहाड़ियों के साथ लगते गांव काने का बाड़ा व टांडा-टांडी गांवों के निवासियों को राज्य सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। यहां पर 11.22 करोड़ रुपये की लागत से पांच पुलों का निर्माण किया जाएगा।
विधायक अनमोल गगन मान ने इस परियोजना का शिलान्यास करते हुए कहा कि इन पांचों पुलों को 10 महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा कर लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार इस क्षेत्र के लोगों को उनकी बड़ी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। चुनाव के दौरान इस क्षेत्र में वोट मांगे थे तो उस समय लोगों की एक ही मांग थी कि इस क्षेत्र का पिछड़ापन दूर करने के लिए नयागांव से काने का बाड़ा व टांडा-टांडी मार्ग पर पटियाला की राव नदी पर ये पांच पुल बनाए जाएं।
बरसात के मौसम में जब पटियाला की राव नदी में पानी का स्तर बढ़ जाता था तो यह क्षेत्र जिले के बाकी हिस्सों से कट जाता था, लेकिन अब पुल बनने से लोगों को कभी ऐसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इन पांचों पुलों का निर्माण डेढ़ किलोमीटर के नदी के बहाव क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है।
जल्द लगेगा मोबाइल टावर
विधायक अनमोल गगन मान ने कहा कि इस क्षेत्र में मोबाइल सेवाओं को मजबूत करने के लिए पिछले साल एक मोबाइल टावर मंजूर किया गया है। यह टावर भी जल्द ही स्थापित किया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर एसडीएम गुरमंदर सिंह, कार्यकारी इंजीनियर लोक निर्माण विभाग एसएस भुल्लर, एडवोकेट शहबाज सिंह सोही, इलाके के सरपंच-पंच और अन्य लोग उपस्थित थे।