टावर लगवाने के नाम पर 4.32 लाख रुपये ठगे, दो पर केस
45 लाख रुपये एडवांस और 40 हजार रुपये प्रति माह किराया देने का दिया था झांसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुराली। खाली जमीन में मोबाइल कंपनी का टावर लगवाने के चक्कर में लाखों रुपये लुटाने वाले परिवार ने पुलिस से इन लुटेरों को पकड़ने और पैसे वापस दिलाने के लिए अपील की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव बड़ौदी की महिला बलजीत कौर पत्नी चरण सिंह ने बताया कि चार साल पहले रिलायंस डिजिटल इंडिया नामक कंपनी की तरफ से उसको फोन आया उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी की तरफ से खाली जमीन में टावर लगाया जाता है और टावर लगवाने वाले को 45 लाख रुपये एडंवास, 40 हजार महीने का किराया और साथ एक सदस्य को नौकरी भी दी जाती है जिसका वेतन 20 हजार महीना दिया जाएगा। बलजीत कौर ने बताया कि वह उनके झांसे में आ गई और उनके द्वारा बताए हुए अकाउंट में समय-समय पर पैसे डालती रही। कुछ समय बाद इन लोगों के फोन बंद आने लगे। उसने बताया कि इन ठगों ने उससे टावर लगवाने के नाम पर 4 लाख 32 हजार रुपये अपने खातों में डलवा लिए परंतु अब इन लोगों का कोई अता पता नहीं इसको लेकर ही उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत देकर उनको इंसाफ की गुहार की और अपनी रकम वापसी दिलाने की अपील की। पुलिस की छानबीन में पता चला कि यह लोग दिल्ली, देहरादून, ऋषिकेश आदि अन्य शहरों से कॉल कर कर इन लोगों से रुपए अपने खाते में डलवा रहे थे। फोन नंबर की जांच पड़ताल के बाद सामने आए इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।