खरड़। पंजाब सरकार द्वारा मोहाली में 375 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कालेज बनाने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है। इस मेडिकल कालेज के बनने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि पीजीआई, जीएमसीएस सेक्टर-32 व सरकारी अस्पताल सैक्टर-16 चंडीगढ़ में बहुत ज्यादा भीड़ हो चुकी है। ऐसे में मरीजों को वहां नहीं ले जाना पड़ेगा। ये विचार पंजाब के कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन खरड़ द्वारा करवाई गई करंट अपडेट ऑन एसीएस मैनेजमेंट वर्कशाप में जुड़े डॉक्टरों को संबोधित करते हुए प्रकट किए। उन्होंने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ में बहुत अच्छे तरीके से इलाज होता है, परंतु वहां कई मरीजों को परेशान होना पड़ता है। मरीजों को स्टंट डालने के लिए अलग-अलग कंपनियों द्वारा कीमतें निर्धारित की हुई हैं जबकि स्टंट की कीमत एक ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का व्यवहार मरीजों के प्रति अच्छा होना चाहिए, क्योंकि जब मरीज डॉक्टर के पास आता है तो उसे राहत मिल जाती है।
वर्कशॉप को संबोधित करते हुए डॉ. हेमंत कौशल समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि आईएसए खरड़-कुराली द्वारा सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लिया जा रहा है जैसे कि रक्तदान कैंप, साइकिल रैली तथा नई तकनीकों के बारे में जानकारी देना। डॉ. अमित गुप्ता ने हार्ट और डॉ. अमनदीप सिंह ने आंखों की बीमारियों के बारे में बताया। इस अवसर पर डॉ. सुरिंदर सिंह एसएमओ सरकारी अस्पताल खरड़, डॉ. सुमिंदर सिंह अरोड़ा, डॉ. अमनदीप सिंह, डॉ. सीपी सिंह, डॉ. सुखविंदर सिंह, डॉ. एचएस कालड़ा, डॉ. संजीव सोढ़ी, डॉ. सुनील मेहता तथा डॉ. अनिल शर्मा समेत अन्य डॉक्टर उपस्थित थे।