आप ने एडवोकेट एसके सिन्हा का नाम भेजा हाईकमान को
जनवरी के अंत या फिर फरवरी के पहले हफ्ते लोकसभा पटियाला के उम्मीदवार के नाम का होगा एलान
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। आम आदमी पार्टी द्वारा विधानसभा हलका डेराबस्सी से एडवोकेट एसके सिन्हा का नाम बतौर लोकसभा सीट पटियाला के लिए हाईकमान को भेजा गया है। इसके अलावा 3 नाम पहले ही पार्टी हाईकमान को भेजे जा चुके हैं, जिनमें पार्टी के उपप्रधान बलबीर सिंह, सीनियर पार्टी वालंटियर हरि सिंह टोहड़ा और हरकेश सिंह सिद्धू के नाम शामिल हैं। अब देखना यह होगा हाईकमान किसको उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में भेजती है।
जीरकपुर ब्लाक प्रधान रमेश शर्मा ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार एडवोकेट एसके सिन्हा के नाम को जीरकपुर, डेराबस्सी और लालडू़ू ब्लाक प्रधानों की सहमति के बाद हाईकमान के पास भेजा है। एसके सिन्हा हाईकोर्ट में प्रेक्टिस करते हैं, जिन्होंने 2016 में मेंबरशिप हासिल की थी। वहीं, पार्टी के अंदर रहकर एसके सिन्हा ने कई काम किए, जिनकी मेहनत को देखते हुए सोमवार को उनके नाम पर सहमति जताते हुए पार्टी हाईकमान को भेजा गया है। रमेश शर्मा ने दावा किया जनवरी के अंत में या फरवरी के पहले हफ्ते लोकसभा पटियाला के लिए उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया जाएगा।