- गमाडा ने प्राइवेट कंपनी से काम करवाने की तैयारी की
- जनवरी के पहले हफ्ते में होगा काम, गमाडा करेगा मानीटरिंग
अमित शर्मा
मोहाली। शहर में बसे चार नए सेक्टरों के लोगों को अब मार्केट्स के लिए धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। बल्कि उनके सेक्टरों में ही उन्हें सभी तरह की चीजें आसानी से मिल जाएंगी। यह संभव होने जा रहा है चार नए सेक्टरों में मार्केटस बनने से। इसके लिए गमाडा की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई। यह काम एक प्राइवेट कंपनी द्वारा किया जाएगा। जनवरी के पहले हफ्ते में कंपनी द्वारा काम शुरू करने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-88, 89, 95 और 96 बस गए हैं। उक्त इलाकों में कई रिहायशी प्रोजेक्ट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा लोगों ने रहना भी शुरू कर दिया है, लेकिन मार्केट की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को काफी दिक्कत आती थी। यह मुद्दा लोग भी गमाडा अधिकारियों के सामने उठा चुके हैं। इसके बाद लोगों की मांग को देखते हुए गमाडा ने इस दिशा में कार्रवाई है। गमाडा ने उक्त एरिया में कॉमर्शियल पाकेट बनाने का फैसला लिया है। इस काम पर करीब 3932.72 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस दौरान गमाडा द्वारा सिविल, पब्लिक हेल्थ और इलेक्ट्रिक काम करवाया जाएगा।
छह महीने में पूरा होगा काम
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) द्वारा मार्केट्स विकसित किए जाने का काम आने वाले छह महीनों में पूरा किया जाएगा। गमाडा उक्त प्रोजेक्ट में नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा। गमाडा द्वारा कॉमर्शियल पाकेट्स बनाने में प्रयोग होने वाले सामान की चेकिंग की जाएगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
पूरा काम होगा मास्टर प्लान के मुताबिक
गमाडा द्वारा उक्त एरिया में सारे विकास कार्य मास्टर प्लान के मुताबिक किए जा रहे हैं। यह सारी प्लानिंग आने वाले पचास सालों को ध्यान में रखकर की जा रही है। इससे जहां इलाके के लोगों को फायदा होगा, वहीं, अवैध निर्माण पर भी रोक लगेगी।
इन सेक्टरों को भी होगा फायदा
उक्त एरिया में कॉमर्शियल मार्केट्स बनने से इलाके के केवल उक्त चार सेक्टरों को ही फायदा नहीं होगा बल्कि इससे कई अन्य सेक्टरों को फायदा होगा। लोग अब अपने घरों के पास ही आसानी से सामान खरीद सकेंगे।