डेराबस्सी। नजदीकी गांव भागसी में बर्ड फ्लू की दस्तक का अंदेशा जताया जा रहा है। गांव भागसी के खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में करीब 40 बगुले मरे हुए पाए गए है। गांव निवासियों ने इन पक्षियों की मौत बर्ड फ्लू के कारण होने का अंदेशा जताया है। हालांकि अभी सेहत विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पिछले तीन दिन से गांव के खेतों में पक्षी मरने के कारण दहशत का माहौल है।
गांव भागसी की सरपंच के पति जतिंद्र सिंह ने बताया कि यहां के खेतों में रोजाना बगुले पहुंचते हैं। तीन दिन से लगातार इनकी मौत हो रही है। अभी तक यहां करीब 40 बगुले मर चुके हैं। गांव के लोग बीमारी फैलने के डर से इन पक्षियों के पास जाने से डर रहे हैं। लोगों ने कहा कि तुरंत सेहत विभाग को सूचित कर दिया था लेकिन अभी तक कोई भी अधिकारी या कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्हें डर है कि क्षेत्र में बने पोल्ट्री फार्मों में भी कहीं बर्ड फ्लू न फैल जाए।