मोहाली। फौजी बनकर एक व्यक्ति को एक शातिर ने 34 हजार का चूना लगा दिया। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है।
मुत्तों निवासी मनजिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने ओएलएक्स पर एसी, एलईडी व रेफ्रिजिरेटर का विज्ञापन देखा था, जिसकी कीमत कुल 34 हजार रुपये दिखाई गई थी। उन्होंने सामान के मालिक से संपर्क किया। दोनों में व्हाट्सएप पर चैट हुई। आरोपी ने खुद फौजी बताया और कहा कि सामान बेचना है। आरोपी ने अपना खाता नंबर देकर उसमें 34 हजार जमा करने को कहा। आरोपी को फौजी मानकर उन्होंने भरोसा कर लिया और रकम खाते में जमा कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल ऑफ कर लिया। तब से कोई संपर्क नहीं हुआ।
एक सप्ताह में दूसरी घटना
एक ही सप्ताह में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक शातिर ने फौजी बनकर ऑनलाइन टैक्सी बुक कराई। पेमेंट भेजने के नाम पर बीस हजार रुपये खाते से निकाल लिए थे।
पहले भी पकड़ा जा चुका है गिरोह
ऑनलाइन सामान बेचने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह को मोहाली पुलिस कुछ समय पहले काबू कर चुकी है। यह आरोपी राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत राज्यों में रहने वाले थे। गिरोह से काफी मात्रा में सामान व कैश बरामद किया गया था। पुलिस की इस मामले में अभी तक जांच चल रही है।