लालड़ू। गांव मलकपुर में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 32 भेड़ों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। जबकि, बहुत सी भेड़ों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। भेड़ पालक ने आरोप लगाया कि जौलां चौक पर गिराए गए कच्चे चावल खाने से भेड़ों की मौत हुई है। पीड़ित के अनुसार मृत भेड़ों की कीमत साढ़े सात लाख रुपये है।
मलकपुर निवासी भेड़ पालक तरसेम लाल पुत्र कुरडियां राम ने बताया कि उसके पास करीब सौ भेड़ें हैं। भेड़ों के माध्यम से ही उसके घर का गुजारा चलता है। सोमवार शाम को वह लालडू हंडेसरा-लिंक मार्ग पर स्थित जौलां चौक पर अपनी भेड़ों को चरा रहा था। वहां पर काफी मात्रा में कच्चे चावलों का ढेर लगा हुआ था। भेड़ों ने उस चावल खा लिया। इसके बाद वह भेड़ों को लेकर अपने गांव आ गया। सभी भेड़ों को बाड़े में छोड़कर वह वहीं सो गया। जब वह सुबह उठा तो देखा कि भेड़ें बुरी तरह से तड़प रही थीं। देखते ही देखते 32 भेड़ों ने उसकी आंखों के सामने दम तोड़ दिया। उनके अलावा भी कई भेड़ें बुरी तरह से तड़प रही थीं। तरसेम ने आशंका जताई कि भेड़ों की मौत कच्चे चावल खाने से ही हुई है। तरसेम लाल ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। मृत भेड़ों की मौत का असल कारण जानने के लिए पशु डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है।