मोहाली में जिन लोगों ने अब तक भी अपना वोट नहीं बनवाया है, ऐसे लोगों को निर्वाचन कार्यालय ने बड़ी राहत दी है। ऐसे लोग अब 19 अप्रैल तक अपने वोट बनवा पाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन अप्लाई करने के अलावा निर्वाचन कार्यालय में जाकर भी वोट बनाने की सुविधा दी जाएगी। यह जानकारी सोमवार को डीसी कम जिला निर्वाचन अधिकारी गुरप्रीत कौर सपरा ने दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए भारतीय चुनाव कमीशन के पोर्टल www.nvsp.in पर जाकर अप्लाई किया जा सकता है। जब पोर्टल पर अप्लाई हो जाएगा। इसके बाद उसकी सूचना जिले के तहसीलदार चुनाव के पास चली जाएगी। बीएलओ वेरिफिकेशन करेंगे। सारी प्रक्रिया होने के बाद वोट बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
सपरा ने बताया कि www.nvsp.in पोर्टल सारे नागरिकों को वोटर सूची में अपना नाम तलाशने, ऑनलाइन फार्म जमा करवाने, अर्जी का स्टेट चेक करने, मोबाइल एप पर शिकायत दर्ज करवाने और जवाब हासिल करने में सहायक है। इतना ही नहीं यह पोर्टल बूथ लेवल अधिकारियों, चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारियों व जिला निर्वाचन अफसरों से संपर्क करने में भी सुविधा देता है।
यह जारी जानकारी वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप या 1950 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके ली जा सकती है। 1950 हेल्पलाइन नंबर पर एसएमएस भेजा जा सकता है। इसके अलावा नई वोट बनाने के लिए फार्म नंबर छह भरने के लिए जिले के एसडीएम दफ्तरों, बीडीपीओ दफ्तर, सेवा केंद्र व फर्द केंद्रों में 16 से 18 अप्रैल तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे।