मोहाली। फ्लाईओवर के निर्माण के चलते नेशनल हाईवे 21 पर बलौंगी से खरड़ तक लोग रोजाना जाम से परेशान हो रहे हैं, वहीं रोड के दोनों तरफ बस क्यू शेल्टर न होने के चलते लोगों की परेशानी ओर बढ़ गई है। लोगों को धूप में सड़क पर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कई बार तो इस चक्कर में लोग हादसे का शिकार भी हो जाते हैं। खरड़ से बलौंगी तक का अधिकतर एरिया रोड एक्सीडेंट प्रोन एरिया में आता है। फिर भी प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। हालांकि लोग मांग भी कर रहे हैं कि उक्त सड़क के दोनों ओर बस क्यू शेल्टर बनने चाहिए ताकि यात्रियों को फायदा मिल सके।
बलौंगी से खरड़ तक के इलाके में करीब एक लाख लोग रहते हैं। इसमें अधिकतर लोग सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल कर ट्राइसिटी में काम के लिए रोजाना आते-जाते हैं, लेकिन बस क्यू शेल्टर न होने के चलते रोजाना लोग परेेशान होते हैं। कई बार तो लोगों को बारिश और अधिक गर्मी के मौसम में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इतना ही नहीं इस वजह से स्नैचिंग तक की वारदात भी हो चुकी हैं, समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला जा रहा है।
18 बस क्यू शेल्टर बनाने की तैयारी
नगर काउंसिल खरड़ ने लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले खरड़ में 18 बस क्यू शेल्टर बनाने की तैयारी की थी। इसके लिए काउंसिल की टीम ने चंडीगढ़ व मोहाली में बने बस क्यू शेल्टरों की स्टडी की थी। इसके बाद मोहाली मॉडल को फाइनल किया था। हालांकि इस बीच चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई जिससे यह काम भी अधर में रह गया।
बलौंगी से खरड़ तक अंधेरे में डूब जाता है हाईवे
नेशनल हाईवे 21 काफी अहम है लेकिन बलौंगी से लेकर खरड़ तक हाईवे पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। शाम होते ही हाईवे पर अंधेरा हो जाता है। दूसरी तरफ हाईवे पर लोगों की ओर से नाजायज रास्ते भी बना रखे हैं जिससे हादसे होते रहते हैं।