दूसरी मंजिल से गिरकर ठेकेदार की मौत
मोहाली। सेक्टर-82 स्थित एक बिल्डिंग का काम कर रहा ठेकेदार पैर फिसलने के कारण दूसरी मंजिल से गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नूरआलम निवासी धनास (21) के रूप में हुई है। मृतक मूलरूप से गोरखपुर का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-82 में एक बिल्डिंग बनाई जा रही है। जहां शटरिंग का ठेका नूरआलम ने लिया था। सोमवार को वह दूसरी मंजिल पर था। अचानक उसके पैर के नीचे एक प्लेट आ गई और उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गया। उसके सिर पर काफी गहरी चोटें आई। पुलिस ने बताया कि जब नूरआलम को सोहाना अस्पताल में दाखिल कराने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद इसकी जानकारी एरिया एसडीएम को दी गई। एसडीएम के आदेश पर पोस्टमार्टम किए बिना शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।