पोती साथ नॉर्थ कंट्री मॉल में शापिंग को आए बुजुर्ग की हादसे में मौत
नेशनल हाईवे-21 को पार करते समय अज्ञात बाइक ने लिया चपेट में
मृतक लेह लद्दाख का रहने वाला था, पोती पंजाब यूनिवर्सिटी में कर रही है पढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नेशनल हाईवे-21 पर स्थित वीआर पंजाब (नार्थ कंट्री मॉल) के पास शापिंग कर लौट रहे एक बुजुर्ग को खरड़ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। बाइक की टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल मोहाली पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते डॉक्टर ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कुलाम कादर (78) निवासी लेह लद्दाख के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक की पोती पदमा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि कुलाम कादर रविवार को लद्दाख से शॉपिंग करने परिवार के साथ चंडीगढ़ आए थे। चंडीगढ़ में उनकी पोती पदमा पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ती है। वह सेक्टर-15 में रहती है। पदमा को लेकर वह रविवार शाम नार्थ कंट्री माल में शापिंग करने गए थे। खरीदारी करने के बाद वह करीब दह बजे मॉल से बाहर निकले। सड़क पार करने के दौरान दूसरी ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह नीचे सड़क पर गिर गए। जहां पर हादसा हुआ वहां आस पास कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसलिए आरोपी को पकड़ना बड़ा ही मुश्किल है। आरोपी की बाइक का नंबर भी ट्रेस करना काफी मुश्किल है। लेकिन फिर भी पुलिस की टीमें बाइक सवार को दबोचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जिक्रयोग है जिस जगह पर हादसा हुआ वहां पर पहले भी हादसों में कई लोगों की जाने जा चुकी हैं। इसके बाद भी पुलिस व प्रशासन द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।