मोहाली। जिले में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो रही है, जिसमें औसतन हर घंटे में 31 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। शनिवार को चौबीस घंटे में कोरोना के 744 नए मरीज मिले हैं और पांच लोगों की मौत हो गई। साथ ही जिले में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 499 पर पहुंच गया है। अभी सक्रिय मरीजों की संख्या 5781 है।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को हिदायत दी है कि कोरोना से बचने के लिए विभाग की ओर से जारी की गई गाइडलाइन का पालन करें, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। मेडिकल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क किया जा सकता है।
शनिवार को जिन पांच लोगों की कोरोना से मौत हुई है, उनके बारे में जिला प्रशासन की ओर से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई। जो नए संक्रमित पाए गए हैं उनमें डेराबस्सी से 88, ढकोली से 197, लालड़ू से 16, बूथगढ़ से 29, घडुआं से 43, खरड़ से 109, कुराली से 17, बनूड़ से 20 और अकेले मोहाली शहर से 225 केस सामने आए हैं।
वहीं, रिकॉर्ड 473 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। जो कि प्रशासन के लिए काफी राहत की खबर है। साथ ही जिले में अब तक कुल 35193 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 28913 केस ठीक हो चुके है।
सिविल सर्जन पहुंची डेराबस्सी
कोरोना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी से जुटा हुआ है। शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने डेराबस्सी सिविल अस्पताल का दौरा किया। साथ ही वहां पर चल रही टीकाकरण मुहिम का जायजा लिया। यहां पर 28 स्वास्थ्य कर्मचारियों को पहला और 37 को दूसरा टीका लगाया गया। इसी तरह 2634 फ्रंट लाइन कर्मचारियों को पहली और 61 को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इसी तरह आयु वर्ग 45 से 60 वाले 1232 लोगों को पहली और 214 को दूसरी डोज दी गई। इसी तरह 60 आयु वर्ग में 893 लोगों को पहली और 477 को दूसरी डोज दी गई।