डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंडस इंटरनेशनल अस्पताल के सामने एक व्यावसायिक प्लॉट से काटे जा रहे हरे-भरे पेड़ काटने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामला ध्यान में आने के बाद जिला वन अधिकारी अमनदीप सिंह ने एक गार्ड को नौकरी से निलंबित कर मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस की ओर से थाना प्रभारी सुमीत मोर ने मौके का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एकत्रित जानकारी के अनुसार हाईवे पर सड़क किनारे स्थित एक जमीन के मालिक को फायदा पहुंचाने के लिए उसके आगे आने वाले 30 के करीब हरे-भरे पेड़ काट दिए गए। हाईकोर्ट की ओर से भी पूरे राज्य में पेड़ काटने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई हुई है।
इन पेड़ों को बड़े ही सुनियोजित तरीके से काटा गया। इनमें पहले 10 पेड़ काटे गए और इसके बाद कुछ दिन बाद फिर से 10-10 पेड़ काटे गए। इस संबंध में वन विभाग के एक गार्ड की रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है। इसमें वह पेड़ काटने का सौदा लाखों रुपये में होने की बात कबूल रहा है। वन विभाग के ब्लॉक अधिकारी जय सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में आने के बाद जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यहां 30 के करीब पेड़ काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला वन अधिकारी अमनदीप सिंह ने संबंधित गार्ड को निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।