खरड़। सनी एनक्लेव क्षेत्र में मजदूरी करने वाले धर्मेंद्र के तीन वर्षीय बेटे देवा का अपहरण कर ले जाने वाले आरोपी की योजना को पुलिस ने तीन घंटे के भीतर विफल कर दिया। पुलिस ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया, जबकि आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने धर्मेंद्र को शराब पिलाकर बेहोश कर दिया और उसके बेटे को लेकर फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर चौकी प्रभारी हरदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपी का हुलिया सभी थानों व कंट्रोल रूम में प्रसारित किया। सूचना मिली कि आरोपी बच्चे को लेकर बिहार जाने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां भारी बारिश और भीड़ के बीच बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।