मोहाली/ जीरकपुर। बलटाना में कॉलोनाइजर चौधरी राम कुमार के घर पर फायरिंग करने के मामले में मोहाली पुलिस की सीआईए टीम ने लॉरेंस गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कनाडा से हाल ही में भारत लौटा मनराज उर्फ मन्ना मुख्य शूटर था, जिसने 9 एमएम बरेटा पिस्टल से गोलियां चलाई थीं। उसके साथी राजवीर सिंह ने फायरिंग की वीडियो बनाई थी, जिसे बाद में पूर्व पार्षद नीतू चौधरी के मोबाइल पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, स्विफ्ट कार और वीडियो रिकॉर्ड करने वाला मोबाइल फोन बरामद किया है।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद संदिग्ध कार की पहचान हुई और जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार, पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।