मोहाली। ग्राम पंचायतों के आम चुनाव-2024 का बिगुल बज चुका है। जिले की 332 ग्राम पंचायतों के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 सितंबर से सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होगी। 28 सितंबर को अवकाश के कारण कोई नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अक्तूबर तय की गई है। जिले की सभी 332 ग्राम पंचायतों के लिए 296860 मतदाता अपने मत के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जानकारी के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच 5 अक्तूबर को की जाएगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 7 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे तक होगी। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही 15 अक्तूबर को सुबह 8 से 4 बजे तक मतपेटियों के तहत मतदान निर्धारित किया गया है। जिले में पंचों के चुनाव के लिए 2131 वार्ड हैं। इनमें से डेराबस्सी ब्लॉक में 615, माजरी ब्लॉक में 579, मोहाली में 471 और खरड़ में 466 हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को उन स्थानों के साथ ब्लॉक वाइज प्रतिनियुक्त किया गया है, जहां उन्हें नामांकन पत्र स्वीकार करना है। ग्राम पंचायतों के आरक्षण की सूची जिले की वेबसाइट sasnagar.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। उपायुक्त ने सभी हितधारकों और इच्छुक उम्मीदवारों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि उल्लंघन से सख्ती से निपटा जाएगा।
सरपंच के लिए 40 और पंच के लिए 30 हजार रुपये खर्च निर्धारित
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी। सरपंच के लिए उम्मीदवार को 40,000 और पंच के लिए 30,000 रुपये तक चुनावी खर्च की सीमा है। उन्होंने कहा कि जिले के चार ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों के आम चुनाव के सुचारू और सफल संचालन के लिए मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं के साथ कुल 422 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
यह हैं आंकड़ा
जिले में कुल पंचायत 332
जिले में मतदान केंद्र 422
कुल मतदाता 296860
पुरुष मतदाता 159028
महिला मतदाता 137823
अन्य मतदाता 9
खरड़ ब्लाॅक का ब्योरा
पंचायत 65
मतदान केंद्र 75
मतदाता 51128 (पुरुष 27162, महिला 23964, अन्य 2
डेराबस्सी ब्लॉक
पंचायत 93
मतदान केंद्र 121
मतदाता 91569 (पुरुष 49041, महिला 42526 और अन्य 2)
मोहाली ब्लाॅक का ब्योरा
पंचायत 73
मतदान केंद्र 116
मतदाता 87518 (पुरुष 46944, महिला 40570, अन्य 4)
माजरी ब्लाॅक
पंचायत 101
मतदान केंद्र 110
मतदाता 66645 (पुरुष 35881, महिला 30763 और अन्य )