मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर मारबेला ग्रैंड सोसाइटी के सामने एक क्रेटा कार के ब्रेक लगाते ही उसके पीछे आ रहा 27 साल का बुलेट सवार युवक टकरा गया। इस हादसे में मूलरूप से नाहन, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले युवक जावेद खान की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह खरड़ में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। मृतक के भाई ईशान खान के बयान पर आईटी थाना पुलिस ने क्रेटा कार चालक भजन लाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ईशान खान ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई जावेद खान बहन निशा के घर खरड़ जा रहा था। जब 5 बजे उसने जावेद खान को फोन किया तो फोन किसी ओर ने उठाया और बताया कि जावेद का एक्सीडेंट हो गया है और वह सोहाना अस्पताल में भर्ती है। जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो गई है। संवाद