लांडरां/बनूड़। बनूड़ के वार्ड नंबर सात निवासी 25 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा बीती शाम उस समय हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गुरप्रीत चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर नौकरी कर अपने परिवार का गुजारा चलाता था। मृतक के चाचा और पार्षद जतिंदर सिंह गोल्डी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरप्रीत सिंह पुत्र जसविंदर सिंह रोजाना की तरह ड्यूटी समाप्त कर लौट रहा था। वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बनूड़ आ रहा था। बनूड़ बैरियर के नजदीक जीरकपुर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हुआ। एफडीडीआई संस्थान के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गुरप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक शाम के अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग गया।