लांडरां / बनूड़। बनूड़ क्षेत्र में आवारा कुत्तों और मवेशियों की भारी संख्या है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बीती रात इन आवारा कुत्तों ने गांव नंगल सलेमपुर निवासी एक व्यक्ति की भेड़शाला पर हमला कर दिया, जिसमें उन्होंने करीब 25 भेड़ों को नोच-नोच कर खाया और करीब तीन दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। निर्मल सिंह निवासी गांव नंगल सलेमपुर ने बताया कि रात करीब 10 बजे अपने भेड़ों के बाड़े में सोने चले गए और अचानक करीब 12 बजे करीब एक दर्जन आवारा कुत्तों ने भेड़ों के बाड़े पर हमला कर दिया। बताया कि उन्हें 4 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है और वे घायल भेड़ों का डॉक्टरों से इलाज करवा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों से उचित मुआवजे की मांग की है।