खरड़। शहर में पक्के दरवाजे के पास एक दुकान से करीब ढाई लाख रुपये के नए नोटों के हार और गल्ले से दो लाख का कैश चोरी हो गया। चोर ने पूरी योजना से इस घटना को अंजाम दिया है। सुबह चौकीदार के जाने के बाद करीब साढे 5 बजे यह चोर एक स्कूटी पर आया और स्कूटी सराफा बाजार की गली में खड़ी करके पैदल उक्त दुकान में आया। इसके बाद वह सीढ़ी से ऊपर चला गया और तीसरी मंजिल पर जाकर दुकान का एक शीशा तोड़कर खिड़की से दुकान में घुस गया। इसके बाद एक बड़े थैलें में रखे नए नोटों के हार और गल्ले से दो लाख कैश उठाकर वापस उसी रास्ते से बाहर आकर स्कूटी पर फरार हो गया।राकेश कुमार एंड संस जनरल स्टोर के मालिक विकास कांसल ने बताया कि सुबह 6 बजे किसी ने फोन पर बताया कि दुकान के ऊपर का शीशा टूटा है। वह दुकान पर आए और शटर उठाकर देखा दो अंदर से नोटों के हार और दो लाख की नकदी गायब थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। पिछली रिकॉर्डिंग में पाया गया कि वह एक दिन पहले एक महिला के साथ दुकान में आकर बिना कुछ खरीदे ही रेकी करके गया था।
चार दिन पहले भी इसी बाजार में इसी तरह की चोरी की वारदात एक जनरल स्टोर में हुई थी। इस दुकान से भी सुबह-सुबह नए नोटों के हार चोरी किए गए थे। खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी ने बताया कि स्कूटी का नंबर रिकॉर्डिंग में आने से आरोपी की पहचान हो गई है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।