लालड़ू। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर लालड़ू में इलाहाबाद बैंक के नजदीक एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 24 साल के बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बाइक सवार युवक विकास पुत्र सतपाल निवासी लालड़ू गत मंगलवार की शाम अपने बाइक पर सवार होकर लालड़ू गांव से मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह हाईवे पर स्थित इलाहाबाद बैंक के नजदीक पहुंचा तो चंडीगढ़ की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसके बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इस मौके पर मौजूद लोग उसे डेराबस्सी के इंडस अस्पताल में लेकर आए। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के मामा के बेटे गुरमीत सिंह के बयान पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है।
मृतक विकास के परिवार में उसकी पत्नी और एक छोटा बच्चा है। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने फरार कार का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।