मंदिर में जल रहे दीये से त्रिशला सिटी के फ्लैट में लगी आग
- सोसाइटी में लगे अग्निशमन की मदद से पाया काबू, लाखों रुपये का सामान खाक
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। पटियाला हाईवे से हाईग्राउंड रोड पर स्थित सोसाइटी के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। इससे फर्नीचर समेत अन्य लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी दमकल विभाग डेराबस्सी को दी, जिनकी टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। फ्लैट मालिक नरिंदर कुमार के अनुसार आग घर के अंदर बने मंदिर में जल रहे दीये की वजह से लगी है। वहीं, घटना के समय फ्लैट में कोई नहीं था, क्योंकि फ्लैट मालिक नरिंदर कुमार जॉब पर होते हैं, जिनकी मां फ्लैट को लॉक करके घटना से थोड़ी देर पहले अपने एक जानकार के पास गईं थीं।
त्रिशला सिटी होम्स के जनरल मैनेजर रजिंदर कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजे टॉवर-जी की पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर-1505 में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और खिड़की का शीशा तोड़कर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया।
बाक्स
यह हुआ नुकसान
फ्लैट मालिक नरिंदर ने बताया कि आग से सबसे ज्यादा नुकसान बेडरूम को हुआ है। इसमें पड़ा डबल बेड, एलईडी के अलावा कपबोर्ड की बनी अलमारी और उसके अंदर पड़े कपड़े जल गए। धुएं के कारण फ्लैट की अंदरूनी दीवारों पर लगा पेंट भी खराब हो गया।
बाक्स
10 मिनट में पहुंची टीम
डेराबस्सी दमकल विभाग इंचार्ज मनजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना 4 बजकर 10 मिनट पर मिली। दस मिनट बाद उनकी एक गाडी मौके पर पहुंच गई लेकिन उनके अधिकारियों की टीम से पहुंचने से पहले सोसाइटी वासियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया था।