- जीएमआर ने पावर ग्रिड निगम का पाइप जब्त किया
- कहा-सड़क किनारे गड्ढा खोदने की अनुमति दी गई थी, न कि बीच सड़क में
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। शनिवार को जीरकपुर चंडीगढ़-अंबाला मार्ग पर फ्लाइओवर के नीचे नेशनल पावर ग्रिड निगम ने बिना मंजूरी सड़क पर गड्ढा खोद दिया। जैसे ही इसकी भनक राष्ट्रीय राज्यमार्ग की देखरेख करने वाली कंपनी जीएमआर को मिली, कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पावर ग्रिड निगम का पाइप जब्त कर नेशनल हाइवे अथॉरिटी को कार्रवाई के लिए लिखित में शिकायत दी है। जब इस संबंध में जीएमआर कंपनी के कारपोरेट रिलेशन अथॉरिटी दीपक अरोड़ा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि निगम ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग अथॉरिटी से मंजूरी दी गई जगह के अलावा फ्लाइओवर के नीचे जीरकपुर-अंबाला राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर स्थित विजय बैंक के सामने अपनी मर्जी से रात को सड़क के बीचों बीच बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर नई बनी सड़क को नुकसान पहुंचाया है। जबकि विभाग को कच्ची जगह पर सड़क की खुदाई के लिए अनुमति दी गई थी। उन्होंने बताया कि खोदी गई सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, क्योंकि इस सड़क पर बड़े वाहन नहीं चल पा रहे हैं। वहीं पावरग्रिड की ओर से लगाए गए बैरीकेड्स हादसे का कारण बन सकते हैं।
बैरीकेड्स के चलते ट्रैफिक बनी समस्या
सड़क पर पावर ग्रिड की तरफ से लगाए गए बैरिकेड्स के साथ भरी होने के कारण वाहन दुर्घटना का शिकार होने का खतरा बन गया है। वहीं इस सड़क के आस पास बसे दुकानदार भी परेशान हैं, कि सड़क खोदी देख कर कोई ग्राहक भी नहीं आता। जिस कारण शहर निवासियों के साथ साथ ट्रैफिक पुलिस को ट्रैफिक समस्या पेश आ रही है। उन्होंने बताया पावर कारपोरेशन वाले रात के समय गड्ढे खोदते हैं। जीएमआर कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पावर ग्रिड निगम का सामान जब्त कर लिया और इस संबंधित राष्ट्रीय राज्यमार्ग अथारिटी को सूचित किया गया है। दूसरे ओर पावर ग्रिड निगम के सुपरवाइजर दलीप कुमार शुक्ला ने जीरकपुर थाने में पुलिस को जीएमआर कंपनी के अधिकारियों ख़िलाफ़ लिखित में शिकायत दी है। उनके काम में रुकावट डालने और जबरदस्ती समान उठाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।
क्या कहना है पुुलिस का...
इस बारे में मामले के जांच अधिकारी एएसआई भुपिंदर सिंह ने कहा कि पावर ग्रिड निगम के अधिकारियों ने जीएमआर कंपनी के अधिकारियों खिलाफ शिकायत दी है कि उनके पास सड़क खोदने की मंजूरी होने के बावजूद उनका सम्मान जब्त कर लिया गया। जबकि जीएमआर कंपनी अधिकारियों का कहना है कि उनकी ओर से सड़क किनारे कच्ची जगह पर तारे डालने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले का हल सोमवार को दोनों पक्षों को बिठा कर निकाल लिया जाएगा।