सड़क हादसों में मारे गए लोगों की याद में समागम का आयोजन
जिले में सेफ्टी संबंधी तैयार किए गए कार्यों में तेजी लाई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
सेक्टर-76 स्थित जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में रविवार को परिवहन विभाग पंजाब और ट्रैफिक पुलिस विंग की ओर से समागम कराया गया। सड़क हादसों में मरने वाले लोगों की याद में कराए गए समागम में सचिव रीजनल ट्रांस्पोर्ट अथॉरिटी मोहाली सुखविंदर कुमार ने बताया कि यूनाइटेड नेशन की ओर से नवंबर माह के हर तीसरे रविवार को विश्व स्तर पर यह समागम करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि यूएनओ की ओर से 2020 तक सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने इस मौके पर पंजाब स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल के को-ऑर्डिनेटर मनमोहन सिंह लूथरा को विश्वास दिलाया कि जिले के अंदर रोड सेफ्टी संबंधी तैयार किए गए कार्यों में तेजी लाई जाएगी। रोड सेफ्टी के संबंध में समाजसेवी हरप्रीत सिंह ने लोगों से अपील की कि सड़क हादसों में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाने में पहल दिखाई जाए ताकि घायलों की कीमती जान को बचाया जा सके। नायब तहसीलदार दलीप सिंह की ओर से भरोसा दिलाया गया कि रोड सेफ्टी संबंधी किए गए कार्यों में ट्रैफिक पुलिस को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह की ओर से ट्रैफिक नियमों की पालना संबंधी समागम में मौजूद लोगों को शपथ दिलाई गई। साथ ही सड़क हादसों में मरने वाले लोगों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया।