मोहाली। ऐप के जरिए मोटरसाइकिल बुक कर घर जा रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अदालत ने दोषी कृष्ण सिंह और इंद्रजीत सिंह को 20-20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। दोनों दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामले के अनुसार, 26 अप्रैल 2025 की रात पीड़िता अपनी सहेलियों के साथ चंडीगढ़ के एलांते मॉल स्थित प्लेबॉय क्लब गई थी। 27 अप्रैल की सुबह करीब तीन बजे उसने नयागांव स्थित अपने घर जाने के लिए ऐप से मोटरसाइकिल बुक की। चालक करीब 3:30 बजे उसे लेकर रवाना हुआ और 4 से 4:30 बजे के बीच घर छोड़ दिया। पीड़िता ने क्यूआर कोड से 250 रुपये का किराया दिया। घर के कमरे की तरफ जाते समय चालक ने अपने साथी को बुला लिया। दोनों जबरन कमरे में घुस गए और युवती का मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़िता ने 28 अप्रैल को नयागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद कृष्ण सिंह और इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया। पहचान के बाद मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई। सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।