मोहाली। जिले में बुधवार को डेंगू के 20 नए मामले सामने आए हैं। इनके साथ ही अब तक डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 1115 हो चुकी है। फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल की महामारी विशेषज्ञ डॉ. हरमन कौर बराड़ ने बताया कि जिले में डेंगू के बढ़ते आंकडों को गंभीरता से देखते हुए स्वास्थ्य टीमें लगातार डोर टू डोर जाकर लोगों को डेंगू से बचने की रोकथाम के उपाय बता रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों को डेंगू के प्रति सजग रहना चाहिए और मच्छरों से बचने के लिए लोग पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और घर के आसपास साफ सफाई रखें।