मोहाली। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से शनिवार को कुल 19,414 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 88,65,36,530 रुपये के अवार्ड पारित किए गए। यह जानकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी ने दी। इस लोक अदालत में कुल 21,527 मामले विचारार्थ रखे गए।
इसमें राजीनामा योग्य आपराधिक मामले, चेक बाउंस के केस, बैंक रिकवरी, वैवाहिक विवाद, मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजा (एमएसीटी), श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी बिल से जुड़े मामले, राजस्व विभाग से संबंधित विवाद और अन्य दीवानी मामले शामिल थे। जिला न्यायालय मोहाली में लोक अदालत के लिए कुल 18 बेंचों का गठन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला एवं अतिरिक्त जिला न्यायाधीश हरदीप सिंह, फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज जरनैल सिंह और अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों ने की। डेराबस्सी में छह बेंच और खरड़ में पांच बेंच लगाए गए। इन बेंचों का नेतृत्व अतिरिक्त सिविल जजों, एसडीएम, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों ने किया।