बारिश के बीच शहर में गहराया पानी का संकट
मंगलवार सुबह कई इलाकों में पानी की सप्लाई रही बंद
कजौली वाटर वर्क्स की लाइन में आई थी खराब, बाजार से मंगवाना पड़ा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। शहर के कई इलाकों में मंगलवार सुबह बारिश केे बीच पानी का संकट गहरा गया। फेज-दो और 11 में पानी की सप्लाई बंद होने से लोग आफत में आ गए। मजबूरी में लोगों को बाजार से पानी मंगवाकर काम चलाना पड़ा। हालांकि पता चला है कि कजौली वाटर वर्क्स की मेन बिजली की लाइन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद यह स्थिति बनी थी। विभाग का दावा है कि जल्दी ही स्थिति बहाल कर ली जाएगी। लोगों को किसी भी प्रकार की आफत नहीं उठानी पड़ेगी।
फेज-11 के पूर्व पार्षद एसएस बरनाला ने बताया कि विभाग की तरफ से बिना कोई नोटिस दिए पानी सप्लाई बंद किए जाने के कारण फेज 11 के लोगों को काफी मुश्किल आई। उन्होंने बताया कि इस संबंधी जन सेहत विभाग से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि सेक्टर-57 से पानी की सप्लाई बंद होने के कारण के बाद पानी की सप्लाई नहीं मिली है जिस कारण पानी बंद है। बरनाला ने कहा कि जब उन्होंने इस संबंधी एसडीओ से बात की तो उन्होंने कहा कि कजौली वाटर वर्क्स से पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह समस्या आई है। उन्होंने बताया कि सबसे हैरानी की बात यह है कि दोनों अधिकारी अलग अलग समस्याएं बता रहे हैं परंतु हल किसी के पास नहीं है।
जानकारी के मुताबिक फेज 10 और 11 में पीने वाले पानी की सप्लाई फेज 10 में बने अंडरग्राउंड टैंक से होती है और यहां कम से कम दो दिन का पानी स्टाक करके रखना चाहिए ताकि खराबी होने की सूरत में लोगों को कोई परेशानी न आए। पूर्व पार्षद ने बताया कि पहले जब भी कोई समस्या होती थी तो इस क्षेत्र के जेई की तरफ से इसकी पहला जानकारी दी जाती थी परंतु अब जनसेहत विभाग के अधिकारी कुछ भी नहीं बताते जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि सर्दियों में यह हाल है तो गर्मियों में भला क्या हाल होगा।
दूसरी और एसडीओ रमनप्रीत सिंह ने कहा कि कजौली प्लांट में 66 केवी की लाइन से बिजली सप्लाई प्रभावित होने पर मोटरों बंद होने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हुई और अंडर ग्राउंड वाटर टैंक में पानी का स्तर नीचे जाने के बाद फेज 10 व 11 में सप्लाई प्रभावित हुई है। जल्द ही पानी की सप्लाई बहाल हो जाएगी।