पचास घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग
आग को काबू करने में 85 फायर टेंडर लगे
मामला पभात के गोदाम में लगी आग का
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
जीरकपुर के गांव पभात स्थित एक गोदाम में मंगलवार को लगी आग पर वीरवार को काबू पा लिया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग द्वारा 85 फायर टेंडर इस्तेमाल हुए। आग बुझने के बाद दमकल विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है। इसके लिए नगर काउंसिल जीरकपुर की ओर से गोदाम को लेकर उसकी रजिस्ट्रेशन, सीएलयू एवं जरूरी मंजूरियों को लेकर दस्तावेज के लिए नोटिस जारी किया गया है।
गांव पभात से नडियाली रोड पर स्थित यूनिचार्म इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गोदाम में मंगलवार सुबह करीब 11:56 बजे अचानक आग लग गई थी। इसकी सूचना पाकर दमकल विभाग डेराबस्सी के अलावा पंचकूला, चंडीगढ़ व राजपुरा से फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया। आग गोदाम की पहली मंजिल पर स्थित स्टोर किए डायपर पैड में लगी, जिसको बुझाने में दमकल विभाग के पसीने छूट गए। वहीं, वीरवार दोपहर करीब पौने एक बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
आग पर काबू पाने के बाद दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही कंपनी प्रबंधकों को इमारत के अंदर किसी तरह गतिविधि करने पर सख्त रोक लगा दी। इसके अलावा पहली मंजिल पर किसी व्यक्ति के जाने पर रोक लगा दी गई है।
दमकल विभाग ने गोदाम खाली करने के दिए निर्देश
वीरवार दोपहर आग बुझने के बाद दमकल विभाग की टीम ने कंपनी प्रबंधकों को गोदाम तुरंत खाली करने के आदेश जारी कर दिए। कंपनी प्रबंधकों ने ट्रक और कर्मचारियों को मौके पर बुलवा लिया, जो गोदाम की ग्राउंड और बेसमेंट में पड़े सामान को अन्य जगह में शिफ्ट करने में जुट गए।
दमकल विभाग ने नगर काउंसिल को भेजा नोटिस
वीरवार दोपहर आग पर काबू पा लेने के बाद दमकल विभाग ने जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने गोदाम का निरीक्षण किया। ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट की बारीकी से जांच की गई। वहीं, अधिकारियों द्वारा गोदाम के साइज को रिकार्ड किया गया, जिसकी रजिस्ट्रेशन संबंधी रिकार्ड के लिए नगर काउंसिल को नोटिस भेजा गया है।
कोट्स ::::::
मंगलवार को गांव पभात के गोदाम में लगी आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है। फिलहाल किसी को गोदाम के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई है। कुछ दिन बाद गोदाम का निरीक्षण किया जाएगा और गोदाम की रजिस्ट्रेशन एवं जरूरी मंजूरियों को लेकर संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। फिलहाल गोदाम को सील करके कस्टडी में ले लिया है।
-मनजीत सिंह, इंचार्ज, दमकल विभाग डेराबस्सी
दमकल विभाग द्वारा आग बुझने की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच के लिए अधिकारियों की ड्यूटी नियुक्त कर दी है, जिनको पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।दमकल विभाग का नोटिस मिलने के बाद जल्द ही सारी जानकारी उन्हें मुहैया कर दी जाएगी।
-मनवीर सिंह गिल, ईओ, एमसी ऑफिस जीरकपुर।