मोहाली। थाना सोहाना पुलिस ने कोरियर कंपनी के दफ्तर से करीब 1.81 लाख रुपये चोरी होने के मामले में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता चंद्र भान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले का रहने वाला है। फिलहाल बलौंगी के सैणी मोहल्ला में रह रहा है। वह एक कोरियर सर्विस में टीम लीडर के तौर पर कार्यरत है। चंद्रभान के अनुसार उसके अधीन करीब 18 से 20 डिलीवरी बॉय काम करते हैं, जो रोजाना पार्सल डिलीवर कर कंपनी का कैश दफ्तर में जमा करवाते हैं।
रोजाना कंपनी में एक से दो लाख रुपये तक की नकदी जमा होती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 2 मई को डिलीवरी से कुल 1,81,748 रुपये एकत्र हुए थे। रात को उक्त राशि कार्यालय में रखकर ताला लगा दिया गया था। अगले दिन 3 मई की सुबह जब वह दफ्तर पहुंचा तो कैश गायब मिला। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने 11 मई को थाना सोहाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।थाना सोहाना के एसएचओ सिमरजीत शेरगिल का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।