मोहाली/कुराली। जहरीली दवा पीने से हुई बॉबी खान की मौत के मामले में उसके मोबाइल फोन से बरामद 18 सेकंड की वीडियो क्लिप जांच का अहम आधार बन गई है। क्लिप में बॉबी ने कुछ लोगों के नाम लेकर उन पर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया था। मृतक के पिता भीम खान की याचिका और अदालत के आदेश के बाद थाना सिटी कुराली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना 15 जून की है, जब भीम खान के बेटे बॉबी खान की जहरीली दवा पीने से मौत हो गई थी। उस समय पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत डीडीआर दर्ज की थी। संतुष्ट न होने पर मृतक के पिता ने अदालत में याचिका दायर की और इसमें पुलिस को भी पक्ष बनाया।
फोन खंगालने पर सामने आई क्लिप
शिकायत के मुताबिक, परिवार ने बॉबी का मोबाइल चेक किया तो उसमें 18 सेकंड की एक वीडियो क्लिप मिली। इसमें बॉबी ने मंगत खान उर्फ मंगा, हरनेक सिंह उर्फ काला और अन्य का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उसके पैर की मिट्टी उठवाकर उस पर तंत्र-मंत्र कराया गया। वीडियो में उसने यह भी कहा कि इन घटनाओं के चलते उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई है, और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व कड़ी सजा की मांग की।
अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ केस
अदालत के निर्देश और शिकायत की जांच के बाद थाना सिटी कुराली पुलिस ने मंगत खान उर्फ मंगा, हरनेक सिंह उर्फ काला, सुखविंदर कौर और सलमान खान उर्फ मोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद सभी लोग गांव पडियाला के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस बोली — जांच के बाद तय होगी सच्चाई
पुलिस का कहना है कि वीडियो में मृतक द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोप कितने सही हैं, इसका फैसला जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही होगा। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।