फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: पौने दो करोड़ की हाईग्राउंड रोड योजना 10 महीने से अधूरी, 20 हजार लोग परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जीरकपुर। पटियाला हाईवे से हाईग्राउंड रोड को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण और कायाकल्प की पौने दो करोड़ रुपये की योजना 10 महीने से अधूरी पड़ी है। प्रशासन ने आबादी और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए सड़क को चौड़ा करने का निर्णय लिया था। इस परियोजना का अक्तूबर 2025 में जोर-शोर से उद्घाटन भी किया गया था, लेकिन थोड़ा काम होने के बाद निर्माण अचानक बंद हो गया। दस महीने बाद भी सड़क न तो प्रस्ताव के अनुसार चौड़ी हो पाई है और न ही इसका कायाकल्प पूरा हुआ है। इससे एक दर्जन से अधिक सोसाइटियों के 20 हजार से ज्यादा लोग परेशान हैं।

हाईग्राउंड रोड जीरकपुर शहर का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां करीब 20 हजार लोग रहते हैं और सड़क के दोनों ओर एक दर्जन से अधिक सोसाइटियां और कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। नाभा और भबात जैसे बड़े गांवों के अलावा मिस्ट होम, त्रिशला सिटी, सुरिंदरा एनक्लेव, ओरा गजानिया, हैजलवुड, गोल्डन वैली, दि जीरक, रीवरडेल, हाईलैंड पार्क, आकाश होम और विस्टा लैंड जैसी कई सोसाइटियों के लिए यह सड़क आवाजाही का मुख्य मार्ग है। आबादी बढ़ने के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ा है। हालांकि, सड़क की चौड़ाई पहले जैसी ही बनी हुई है। लोगों ने परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद उम्मीद जताई थी कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या खत्म होगी। उद्घाटन के बाद कुछ हिस्से में काम शुरू भी हुआ था। लेकिन कुछ समय बाद काम बंद हो गया और दोबारा शुरू नहीं हुआ।
विज्ञापन



परियोजना में देरी के कारण

सड़क का निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, कायाकल्प के लिए प्रस्तावित लुक और डिजाइन को पहले महंगा बताया गया था। इसके बावजूद योजना को मंजूरी देकर काम शुरू किया गया था। कंपनी महंगी लुक खरीदकर सड़क का कायाकल्प करना चाहती थी। हालांकि, सामग्री की कमी भी एक प्रमुख कारण रही। इसके अलावा, यह चर्चा भी है कि जिस तत्कालीन अधिकारी के कार्यकाल में परियोजना का काम शुरू हुआ था, उसके तबादले के बाद निर्माण की रफ्तार थम गई। निवासियों का कहना है कि अधिकारी बदलने के साथ विकास कार्यों की गति नहीं रुकनी चाहिए। वे मामले में स्थिति स्पष्ट करने और निर्माण जल्द शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं।



पौने दो करोड़ की योजना, फिर भी सड़क अधूरी
1.80 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर हुई थी योजना, 10 माह पहले पास हुई थी परियोजना, सड़क चौड़ी करने और कायाकल्प की थी योजना, जोर-शोर से हुआ था उद्घाटन, हजारों लोगों की रोजाना आवाजाही इसी सड़क से होती है, करोड़ों रुपये लगाकर घर बनाने वाले लोग परेशान हैं।





उद्घाटन के बाद उम्मीद जगी थी
सड़क के चौड़ीकरण और कायाकल्प की योजना से उन्हें उम्मीद थी कि आने वाले समय में आवाजाही आसान होगी। इसी भरोसे कई लोगों ने आसपास की सोसाइटियों और कालोनियों में करोड़ों रुपये लगाकर घर खरीदे या बनाए। काम बीच में रुकने के बाद अब उन्हें अपनी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। -कुलविंदर सिंह, निवासी नाभा।


सड़क चौड़ी नहीं हुई तो बढ़ेगी परेशानी
आसपास लगातार नई सोसाइटियां विकसित हो रही हैं। वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है। मौजूदा सड़क पहले ही संकरी है। यदि जल्द इसका चौड़ीकरण नहीं किया गया तो आने वाले समय में यहां जाम और हादसों की समस्या और बढ़ सकती है। -सतपाल सिंह, निवासी हाईग्राउंड रोड।


हाईग्राउंड रोड का क्षेत्र जरूर मेरे पास है, पर मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। ये परियोजना मेरे से पहले तैनात अधिकारी द्वारा बनाकर तैयार करके लागू की गई थी। इससे ज्यादा जानकारी मेरे पास नहीं। -मेजर सिंह, जेई, मौजूदा अधिकारी।
विज्ञापन



लोगों की परेशानियों को देखते हुए जल्द ही अधिकारियों से बैठक करके इसका स्टेटस पता लगाया जाएगा। इसके बाद परियोजना को लेकर आ रही अड़चनों पर विचार कर उसको दूर कर इसका कायाकल्प किया जाएगा। - परविंदर सिंह भट्टी, ईओ, नगर परिषद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें