- प्रस्ताव पर लगाई सर्वसम्मति से मोहर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। शहर की सभी प्रमुख सड़कों, मार्केटों व चौराहों पर अब सीसीटीवी कैमरों पर नजर रहेगी। मंगलवार को हुई नगर निगम की मीटिंग में इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मोहर लग गई। अधिकतर महिला पार्षदों ने इस फैसले का स्वागत किया। उनका कहना था कि यह मांग लंबे समय से चल रही थी। जोकि अब हकीकत में बदल पाया है। वहीं, अकाली पार्षद जसप्रीत कौर मोहाली ने कहा कि वह शुरू से ही कैमरों की मांग कर रही थीं। नगर निगम की तरफ से मीटिंग में 18 प्रस्ताव वैसे लाए गए थे, जिन्हें पास कर दिया गया। इसके अलावा तीन टेबल आइटम शामिल थे। हालांकि शहर में कैमरे लगाने का प्रस्ताव अहम था। इस दौरान 18 जगह पर 112 कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिन जगहों पर कैमरे लगाए जाएंगे। उनकी जगह की निशानदेही पुलिस द्वारा की गई है। जबकि कैमरे निगम द्वारा लगाए जाएंगे। फेज-आठ में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा है, मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
अगली मीटिंग में पशुओं संबंधी रिपोर्ट पेश करनी होगी: निगम की मीटिंग में लावारिस पशुओं का मामला भी उठा। पार्षदों का कहना था कि जब से पशुओं को पकड़ने के लिए बीस हजार रुपये जुर्माना तय किया गया है, तब से लेकर अब तक कितने पशु पकड़े गए हैं। इस दौरान मेयर कुलवंत सिंह ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि अगली बार होने वाली हाउस की मीटिंग में लावारिस पशुओं संबंधी सारी रिपोर्ट पेश करें।
शहर में विभिन्न पार्कों में बनाई गई लाइब्रेरियां जल्दी ही शुरू होंगी। हाउस की मीटिंग में इस संबंधी सवाल पार्षदों की तरफ से पूछा गया था। इसके जवाब में मेयर ने बताया कि जल्दी ही किताबें खरीदने के लिए टेंडर लगाए जाएंगे।
पक्के 106 मुलाजिमों की जल्दी होगी भरती: निगम की तरफ से जल्दी ही नए मुलाजिमों की रेगुलर भर्ती की जाएगी। इस दौरान 106 लोगों की भर्ती होगी। इसमें कैशियर, स्टेनो टाइपिस्ट, प्लंबर से लेकर फायरमैन तक सब शामिल हैं। यह भर्ती प्रक्रिया एनआईटीटीटीआर के सहयोग से लिया जाएगा। हालांकि फीस को लेकर थोड़ा हंगामा था। बाद में तय किया गया है कि जनरल कैटेगरी में सात सौ, बीसी से पांच सौ व एससी व पूर्व फौजियों से परीक्षा फीस तीन सौ रुपये वसूली की जाएगी।
घरों से कूड़ा उठाने के रेट तय हुए: नगर निगम ने घरों से कूड़ा उठाने के लिए नए रेट तय किए हैं। रिहायशी एरिया में दौ सौ वर्ग गज तक सौ रुपये, 251 से 340 वर्ग गज तक 110 रुपये, 341 से चार सौ वर्ग गज तक 120, चार सौ वर्ग तक 150 रुपये तय किए गए हैं। इसके अलावा इंडस्ट्रियल एरिया में पांच वर्ग गज तक पांच सौ, एक हजार वर्ग गज तक एक हजार व दो हजार वर्ग तक दो हजार तय किए गए।