सेक्टर-76 से 80 प्लाट अलाटमेंट एवं डेवलेपमेंट सोसाइटी ने किया एलान
लोगों में बढ़ रहा है रोष, पूरे शहर में एक हों पानी के रेट
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। गमाडा के अधीन आने वाले सेक्टरों में पानी के रेटों में की गई पांच गुणा बढ़ोतरी का मामला पूरी तरह से गरमाया हुआ है। इसके खिलाफ गमाडा के अधीन आते सेक्टर-76 से 80 के निवासियों की ओर से गमाडा के खिलाफ भूूख हड़ताल करने का एलान किया गया है। सेक्टर-76 से 80 प्लाट अलाटमेंट एंड डेवलेपमेंट कमेटी ओर से 13 दिसंबर को पुडा भवन पर भूख हड़ताल की जाएगी और घेराव किया जाएगा। कमेटी ने साफ कहा है कि अगर इसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस दौरान होने वाले नुकसान के लिए गमाडा व प्रशासन अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
जानकारी के मुताबिक शहर के इलाके को पचास वार्डों में बांटा गया है। इससे पहले बसे एरिया में नगर निगम की ओर से पानी के बिल लिए जाते हैं। जबकि नए सेक्टरों में पानी के रेट गमाडा द्वारा वसूले जाते हैं। कमेटी के प्रधान सुच्चा सिंह कलोर ने बताया कि बताया कि नगर निगम की ओर से पानी के रेट एक हजार लीटर 1.80 रुपये है। जबकि गमाडा के रेट दस रुपये है। इससे लोगों की नींद उड़ी हुई है।
उन्होंने बताया पंजाब के कैबिनेट मंत्री तृपत रजिंदर सिंह बाजवा और बलबीर सिद्घू के अलावा कई बार गमाडा के उच्चाधिकारियों के मिलने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके बाद अब उन्होंने गमाडा के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है, जिसके तहत 13 दिसंबर को गमाडा दफतर के बाहर एक दिन की भूख हड़ताल की जा रही है। इस भूख हड़ताल में कमेटी के सदस्य बैठेंगे। इस भूख हड़ताल में शहर के पार्षद और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनें भी शामिल होंगी।
नए सेक्टरों का मामला कई बार निगम में उठा
यह मामला नगर निगम की हाउस मीटिंगों में कई बार उठ चुका है कि नए सेक्टरों को नगर निगम गमाडा से अपने अधीन ले और साथ ही नगर निगम अपने रेट वसूले ताकि लोगों को राहत मिल सके।