मोहाली। सेक्टर-68 में कार में बैठकर सवारी का इंतजार कर रहे दो टैक्सी चालकों पर 17 युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों टैक्सी चालक गंभीर रूप में घायल हो गए हैं, साथ ही दोनों की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। दोनों घायलों की पहचान ललित और निरंजन निवासी गांव कुंभड़ा के रूप में हुई है। इस हमले में ललित के सिर पर छह टांके लगे हैं और उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं निरंजन के हाथ की नस कटने के कारण उसे पीजीआई में रेफर कर दिया गया है। दोनों घायलों के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी वारदात की सूचना दे दी है। अभी इस हमले के कारण का पता नहीं चल पाया है।गांव कुंभड़ा निवासी ललित ने बताया कि शनिवार देर रात करीब एक बजे वह और उसका साथी टैक्सी चालक निरंजन सवारी का कार में ही बैठकर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुंभड़ा के ही रहने वाले तीन युवकों के साथ कुल 17 युवक हाथ में तेजधार हथियार लिए वहां पहुंचे और उन्होंने आते ही दोनों की कारों पर हमला कर दिया। जब वह उन्हें रोकने के लिए बाहर निकले तो उन्हें भी पीटने लगे। इस हमले में दोनों ही गंभीर रूप में घायल हो गए और जब दोनों गंभीर घायल होकर मौके पर गिर गए तो सभी हमलावर वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद राहगीरों ने दोनों घायलों को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। यहां निरंजन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।