- नगर काउंसिल अठारह बस क्यू शेल्टर बनाने की तैयारी में
- प्राइवेट कंपनी बनाएगी शेल्टर, कंपनी ही चलाएगी
- जगह की हो चुकी है निशानदेही, जल्द शुरू होगा काम
अमित शर्मा
मोहाली। अब खरड़ में रहने वाले लोगों को बस पकड़ते समय बारिश या कोहरे में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। बल्कि खरड़ नगर काउंसिल ने पूरे शहर में बस क्यू शेल्टर बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। करीब 18 बस क्यू शेल्टर इस दौरान बनाए जाएंगे। यह सारे मोहाली की तर्ज पर ही बनेंगे। साथ ही इनके लिए नगर काउंसिल को कोई खर्च नहीं करना पड़ेगा। बल्कि नगर काउंसिल पीपी मोड पर इसे प्राइवेट कंपनी को देगी। साथ ही कंपनी इन पर विज्ञापन लगाकर पैसे वसूलेगी। इस काम के फरवरी महीने में शुरू होने के आसार हैं।
रोजाना हजारों लोगों को मिलेगा फायदा
जानकारी के मुताबिक खरड़ की आबादी दो लाख से ऊपर पहुंच गई है। कई नामी रियल स्टेट प्रोजेक्ट वहां पर स्थापित हो गए हैं। ऐसे में रोजाना चंडीगढ़ या उसके साथ लगते इलाकों के लोग रोजगार के लिए अन्य इलाकों में जाते हैं। लोग आने जाने के लिए सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करते हैं, लेकिन बस क्यू शेल्टर न होने के चलते लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ती थी। कई बार इस मामले को इलाके के लोग उठा चुके हैं। क्योंकि लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ती थी, जिसके बाद अब नगर काउंसिल ने बस क्यू शेल्टर बनाने की तैयारी की है।
ऐसी लुक होगी बस क्यू शेल्टरों की
जानकारी के मुताबिक इस दौरान जो बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। वह पूरी तरह से मोहाली में बने बस क्यू शेल्टर की तर्ज पर बनेंगे। यह बस क्यू शेल्टर स्टील के होंगे। वहीं, इसमें बैठने के लिए कुर्सियां व साथ में कूड़ेदान की व्यवस्था रहेगी। साथ ही बसों के सारे टाइम टेबल आसानी से लोगों को मिलेंगे। इसके अलावा कंपनी वहां पर विज्ञापन के जरिए पैसा कमाएगी। इसके अलावा इन बस क्यू शेल्टर पर नगर काउंसिल भी अपनी स्कीमों का भी प्रचार भी करेगी।
ट्राइसिटी से स्टडी किए बस क्यू शेल्टर
बस क्यू शेल्टर बनाने के लिए नगर काउंसिल खरड़ की टीम ट्राइसिटी में लगे बस क्यू शेल्टरों के मॉडलों की स्टडी की है। जिसके बाद अब मोहाली में बने बस क्यू शेल्टर का मॉडल नगर काउंसिल को पसंद आया, जिसके बाद अब नगर काउंसिल द्वारा अगली कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उम्मीद है कि इससे इलाके के लोगों को काफी फायदा मिलेगा।