तीस साल बाद याद आई पटियाला की राव की गंदगी
नगर काउंसिल ने गंदगी को हटाने के लिए तैयार किया एक्शन प्लान
प्राइवेट कंपनी से करवाया जाएगा काम, लोगों को मिलेगी राहत
बरसातों के दिनों में अब रिहायशी एरिया में नहीं घुसेगा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
नयागांव। नयागांव से गुजरने वाली पटियाला की राव के किनारे अब सुंदर बनेंगे और वहां से करीब तीस साल पुराना सारा कूड़ा भी हटेगा। इसके लिए नगर काउंसिल नयागांव ने तैयारी कर ली है। काउंसिल ने यह सारा काम एक प्राइवेट कंपनी से करवाने की तैयारी की है। इसके लिए कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। अगर सब कुछ सही रहा तो जल्द इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
नयागांव करीब तीस चालीस साल पहले बसना शुरू हो गया था। ऐसे में वहां से गुजरने वाली पटियाला की राव में ही लोग कूड़ा डंप कर देते थे। इससे पटियाला के राव की चौड़ाई कम हो गई थी। साथ ही जब तेज बारिश होती है तो पानी के बहाव से इसके किनारे के साथ लगते रिहायशी इलाके में भी नुकसान अधिक होता था। इसके बाद अब नगर काउंसिल ने इस दिशा में कार्रवाई करने की तैयारी की। इस मुहिम से स्वच्छ भारत मुहिम को भी बल मिलेगा। नगर काउंसिल की कोशिश है कि एक बार वहां जमे हुए सारे कूड़े को हटाया जाए, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। हालांकि अब नगर निगम द्वारा रोजाना पटियाला के राव के किनारों की सफाई करवाई जा रही है। वहां पर कूड़ेदान भी रखे गए हैं।
बॉक्स
साइंटिफिक तरीके से हटाया जाएगा कूड़ा
काउंसिल की कोशिश है कि जब पटियाला की राव से कूड़ा हटाया जाए तो उससे बदबू न उठे। इसके साथ ही वातावरण को भी कोई नुकसान न हो। ऐसे में इस काम को साइंटिफिक तरीके से करवाया जाएगा। काउंसिल यह काम ऐसी कंपनी से करवाना चाहती है जो इसमें माहिर हो। काउंसिल के अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट 2016 का पालन करना होगा।
बॉक्स
नयागांव में लोग खुद चला चुके हैं अभियान
नयागांव से गुजरने वाली पटियाला राव की गंदगी को साफ करने के लिए कई संस्थाएं अपने स्तर पर काम कर चुकी हैं। हालांकि नगर काउंसिल द्वारा इस काम में गंभीरता नहीं दिखाई जाती थी। जिसके चलते यह काम अधर में रह जाता है। हालांकि स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पहले ही साफ कर चुके हैं कि नयागांव की सुंदरता को निखारा जाए। लोग चंडीगढ़ व नयागांव का अंतर ही भूल जाएंगे।