मोहाली। जिले में गैर कानूनी माइनिंग पर शिकंजा कसने के लिए डीसी गिरीश दियालन ने मंगलवार को जिले के अधिकारियों से अहम मीटिंग की। इसमें तय किया गया है कि गैर कानूनी माइनिंग को रोकने के लिए माइनिंग विभाग, जंगलात विभाग व पुलिस विभाग की साझी टीमों का गठन किया जाए। इसकी निगरानी संबंधित सब डिवीजन के एसडीएम की तरफ से की जाएगी।
गैर कानूनी माइनिंग संबंधी जिन मामलों में नोटिस निकाले गए हैं या फिर एफआईआर दर्ज हुई है उनकी सही तरीके से पैरवी की जाएगी। वहीं, उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि जिन गांवों में गैर कानूनी माइनिंग होने की शिकायत मिलती हैं उनकी शिनाख्त की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके अलावा जिले के साथ लगते अन्य राज्यों की सीमाओं पर नजर रखी जाए। डीसी ने जंगलात विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी है कि गैर कानूनी माइनिंग के चलते प्रभावित हुए इलाकों में पौधे लगाए जाएं। साथ ही इस संबंधी हर महीने रिपोर्ट दी जाए। डिप्टी कमिश्नर ने एयरपोर्ट के सौ मीटर के घेरे में आने वाले गैर कानूनी के तरीके से हुए निर्माण को हटाने के निर्देश दिए हैं।
मीटिंग में सहायक कमिश्नर जय यशपाल शर्मा, एसडीएम खरड़ विनोद बंसल, एसडीएम मोहाली जगदीप सहगल, वन मंडल अफसर गुर अमनप्रीत सिंह व नगर काउंसिलों के कार्यकारी अफसर समेत कई लोग हाजिर थे।