मोहाली। पुडा के काम में अब तेजी आएगी। वहीं, लोगों को भी परेशान नहीं होना पड़ेगा। क्योंकि पुडा को नए मुलाजिम व अफसर मिलना शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को विभाग को 12 असिस्टेंट टाउन प्लानर व 27 प्लानिंग अफसर मिले। आवास निर्माण और शहरी विकास मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने पुडा भवन में आयोजित समागम में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार घर-घर रोजगार मुहैया करवाने के लिए काम कर रही है, जिसके तहत यह सारी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के उचित विकास में योजनाबंदी की अहम भूमिका होती है। विभाग में नए मुलाजिमों के आने से जहां काम का बोझ घटेगा, वहीं लोगों को बेहतरीन सेवाएं मिलेंगी। विभाग में आए नए अफसरों का स्वागत करते हुए आवास निर्माण और शहरी विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विन्नी महाजन ने कहा कि नई भर्ती से विभाग के काम को और सुचारु ढंग से चलाने में मदद मिलेगी।