मोहाली। सेक्टर-82 स्थित एक शोरूम की पहली मंजिल पर बुधवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। शोरूम पूरी तरह से जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि जानी नुकसान से बचाव हो गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की जांच की जा रही है। हालांकि शोरूम में आग बुझाने संबंधी इंतजाम पूरे नहीं थे।
आग सेक्टर-82 स्थित होम एंड लैंड प्लानर नाम से एक शोरूम में लगी, जहां रियल एस्टेट से जुड़ा काम होता था। जिस समय आग लगी, करीब 12 से 15 लोग काम कर रहे थे। किसी को पता ही नहीं लगा कब तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते ही आग फैलने लगी। काम कर रहे लोग भागकर बाहर निकले। शोरूम में छोटे छोटे चैंबर बने हुए थे, जो कि पूरी तरह से धुएं से भर गए थे। ऐसे में आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को काफी दिक्कत आई। फायर ब्रिगेड अधिकारियों की मानें तो आग को पौने घंटे में ही काबू कर लिया गया था, लेकिन आग दोबारा रफ्तार न पकड़े, ऐसे में पूरी तरह तसल्ली से आग बुझाने के बाद ही ढाई घंटे बाद टीम वहां से निकली।
आग लगने का एक वीडियो हुआ वायरल
जिस इलाके में आग लगी थी, वहां का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें व्यक्ति कह रहा है कि फायर ब्रिगेड 35 मिनट देरी से पहुंची है। हालांकि फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें 1:55 बजे फोन आया था। तभी उनकी टीम वहां के लिए निकल गई थी। हालांकि जहां पर आग लगी थी, वह एरिया शहर से बिल्कुल बाहर था।
समय पर आग न बुझती तो हो जाता ज्यादा नुकसान
अगर आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था, क्योंकि बिल्डिंग के बिल्कुल नीचे एक नामी कैफे था, जहां पर अकसर लोगों का आना-जाना लगा रहा है। इसके अलावा एक पेंट कंपनी का स्टोर भी पास ही बताया जा रहा है, जहां पर पेंट व अन्य सामान पड़ा है।
कार का शीशा तोड़ जलने से बचाया
जब शोरूम में आग लगी शोरूम के बिल्कुल नीचे एक कार खड़ी थी। कार लॉक थी। ऐसे में डर सता रहा था कि उक्त कार भी आग न पकड़ जाए। दीपक निवासी सिरसा ने बताया कि इस दौरान कई लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद कार का अगला शीशा तोड़ा गया। कार की हैंड ब्रेक हटाकर उसे वहां से हटाया गया।